न्यूटन की गति के तीनों नियम लिखिए/newton's three laws of motion
प्रश्न :- न्यूटन का गति का प्रथम नियम लिखिए।
उत्तर:- न्यूटन का गति का प्रथम नियम :- इस नियम के अनुसार " यदि कोई वस्तु विरामावस्था में है, तो वह विरामावस्था में ही रहेगी और यदि गति अवस्था में है तो वह उसी वेग से उसी दिशा में गतिमान रहेगी जब तक कि उस पर कोई बाह्य बल नहीं लगाया जाता है।"
प्रश्न :- न्यूटन का गति का द्वितीय नियम लिखिए।
उत्तर :- न्यूटन का गति का द्वितीय नियम:- इस नियम अनुसार " किसी वस्तु के संवेग में परिवर्तन की दर उस पर लगाए गए बल के अनुक्रमानुपाती होती है तथा यह परिवर्तन उस बल की दिशा में होता है। "
प्रश्न :- न्यूटन का गति का तृतीय नियम लिखिए।
उत्तर:- न्यूटन का गति का तृतीय नियम :- इस नियम अनुसार " प्रत्येक क्रिया के बराबर तथा विपरीत प्रतिक्रिया होती है। "
प्रश्न :- जब खड़ी हुई बस अचानक चल पड़ती है तो उसमें बैठे व्यक्ति पीछे की तरफ गिर जाता है। क्यों?
उत्तर:- जब खड़ी हुई बस अचानक चल पड़ती है तो यात्री के शरीर का नीचे का भाग गतिशील हो जाता है किंतु ऊपर का भाग जड़त्व के कारण विराम अवस्था में ही रहता है अतः उसमें बैठे व्यक्ति पीछे की ओर गिर जाता है।
प्रश्न :- जब दौड़ता हुआ घोड़ा एकाएक रुक जाता है तो उस पर सवार व्यक्ति आगे की ओर गिर जाता है? क्यों।
उत्तर:- जब दौड़ता हुआ घोड़ा अचानक रुक जाता है उस पर सवार व्यक्ति की कमर के नीचे का भाग घोड़े के साथ ही विराम अवस्था में आ जाता है, किंतु ऊपर का भाग जड़त्व के कारण गति अवस्था में ही बना रहता है। अतः घोड़े के अचानक रुकने पर उस पर सवार व्यक्ति आगे की ओर गिर जाता है।
प्रश्न :- बंदूक से गोली चलाने पर पीछे की ओर धक्का क्यों लगता है?
उत्तर:- जब बंदूक से गोली चलाई जाती है तो गोली तीव्र गति वेग से आगे की ओर बढ़ती है गोली बल के आगे ओर बढ़ती है। बंदूक पर उतना ही प्रतिक्रिया बल पीछे की ओर लगता जितना आगे की ओर लगता है। अतः बंदूक चलाने वाले को पीछे की ओर धक्का लगता है।
प्रश्न :- घोड़ा शून्य आकाश में गाड़ी नहीं खींच सकता क्यों?
उत्तर:- घोड़ा गाड़ी खींचते समय अपने खुरों से पृथ्वी को दबाता है। जिसके फलस्वरूप पृथ्वी भी प्रतिक्रिया बल लगाती है जिसके कारण घोड़ा आगे की ओर बढ़ता है परंतु शून्य आकाश में प्रतिक्रिया बल न होने के कारण घोड़ा गाड़ी नहीं खींच सकता है।
प्रश्न :- नाव से उतरने के लिए मनुष्य नाव को पीछे की ओर धक्का क्यों देता है?
उत्तर:- जब नाव पर सवार मनुष्य नाव से किनारे पर कूँदता है तो वह नाव को अपने पैरों से पीछे की ओर धक्का देता है नाव भु विपरीत दिशा में मनुष्य पर प्रतिक्रिया बल लगाती है जिसके कारण मनुष्य किनारे पर कूँदने में समर्थ हो जाता है।
प्रश्न :- क्रिकेट का खिलाड़ी तेजी से आती हुई गेंद को पकड़ने के लिए अपने हाथ पीछे की ओर क्यों खींचता है?
उत्तर:- क्रिकेट का खिलाड़ी तेजी से आती हुई गेंद को पकड़ने के लिए अपने हाथ को पीछे की ओर खींच लेता है ऐसा करने से समय अंतराल का मान बढ़ जाता है जिससे गेंद के द्वारा लगने वाला बल का मान कम हो जाता है। जिसके कारण हाथ को कम चोट आती है।
प्रश्न :- मोड़ पर साइकिल सवार स्वयं को मोड की दिशा में झुका लेता है, क्यों?
उत्तर:- मोड़ पर मार्ग वृत्तीय हो जाता है। वृत्तीय मार्ग पर गति के लिए अभिकेंद्रीय बल की आवश्यकता होती है अतः सवार स्वयं को मार्ग के केंद्र की ओर झुका लेता है जिससे उसे पर्याप्त अभिकेंद्र बल प्राप्त हो जाता है।
प्रश्न :- घोड़े को गाड़ी खींचने में प्रारंभ में अधिक बल क्यों लगाना पड़ता है?
उत्तर:- घोड़े को गाड़ी खींचने के लिए प्रारंभ में सीमान्त घर्षण के विरुद्ध बल लगाना पड़ता है, लेकिन गति प्रारंभ होने पर, घोड़े को गतिक घर्षण के विरुद्ध बल लगाना पड़ता है, जिसका मान सीमान्त घर्षण से कम होता है।
प्रश्न :- क्या कारण है कि मोड पर रेल की बाहरी पटरी कुछ ऊपर रखी जाती है?
उत्तर :- क्योंकि मोड़ पर घूमते समय ट्रेन मार्ग के अंदर की ओर स्वतः झुक जाती है और पृथ्वी की अभिलम्ब प्रतिक्रिया से उसे पर्याप्त अभिकेंद्रीय बल प्राप्त हो जाता है जिससे ट्रेन के पलटने या फिसलने का खतरा कम हो जाता है।